
*जल ही जीवन है और गंगा हमारी संस्कृति व आस्था की प्रतीक है इसे संरक्षित करना हमारा दायित्व है: प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर*
*मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार किसानों के एक-एक दाने की खरीदी की जायेगी, उपार्जन कार्य में सभी किसान शामिल हों*
*जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने विभागीय समीक्षा बैठक में दिए निर्देश*
*टीकमगढ़, 06 मई 2026/* मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु कल्याण विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से जलगंगा संवर्धन अभियान एवं गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि जल संरक्षण के प्रयास भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, अतः इस अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाये। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और गंगा हमारी संस्कृति और आस्था की प्रतीक है। हमें नदियों तथा जल स्रोतों को प्रदूषण सेे बचाने और स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिये। उन्होंने निर्देशित किया कि जलगंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं संरचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाये।
गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखने तथा भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की मंशानुसार गेहूं उपार्जन कार्य शासन की प्राथमिकता है, किसानों के एक-एक दाने की खरीदी की जायेगी, खरीदी का समय भी इसी उद्देश्य से बढ़ाया गया है ताकि कोई भी किसान फसल विक्रय करने से छूटे नहीं तथा उपार्जन कार्य में सभी किसान शामिल हों। उन्होंने निर्देशित किया कि गेहूं की खरीदी के लिये किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीें होनी चाहिये।
प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की भी समीक्षा की तथा सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि सभी योजनाओं के निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता की निरंतर समीक्षा करें। निरंतर मॉनिटरिंग होने से कार्य की गुणवत्ता बेहतर होगी और राशि का पूर्ण उपयोग होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति निंरतर बनी रहे, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता वाले कार्यों में जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से शामिल किया जाये। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत जल निगम द्वारा बानसुजारा बांध टीकमगढ़ में एमव्हीएस मॉडल की सराहना की एवं इसे शीघ्र तैयार करने हेतु निर्देशित किया।
इसके साथ ही प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग द्वारा किये जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नीड़, परी, भरोसा, ऑपरेशन मुस्कान, आत्मसार्थ, सहारा, आसरा, परिवार जोड़ो, मंजनू, साईबर हेल्प एवं मीडिया मॉनिटरिंग डेस्क, बुन्देली जन चौपाल, प्रतिभा सम्मान, युवा जोड़ो अभियान, हेल्पिंग हैंड, लेडी सिंघम, चाय पर चर्चा, जनसुनवाई तथा वृक्षारोपण अभियान के तहत किये गये नवाचार आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
बैठक में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने जिले में किए जा रहे विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न विभागों द्वारा नवाचार करते हुए जनहित में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया गया कि जल गंगा संर्वधन अभियान 2026 अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत छोटे एवं सीमांत किसानों के लिये खेत-तालाब तैयार किये जा रहे हैं। नगरीय निकायों में अमृत योजना 2.0 के तहत पहले से बने हुये तालाबों के संरक्षण करने का लक्ष्य है। इस दौरान श्री श्रोत्रिय ने महेन्द्र सागर तालाब स्थित लंका मॉडल तथा तालाब के आस-पास किये जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों द्वारा स्वच्छता पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने उद्यानिकी, कृषि, जनअभियान परिषद, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर श्रीमती सरोज राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि गोस्वामी, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, टीकमगढ़ विधायक निजसचिव श्री महेंद्र सिंह परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, एसपी श्री मनोहर सिंह मंडलोई, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, जिला वनमण्डलाधिकारी श्री राजाराम परमार सहित संबंधित अधिकारी
उपस्थित रहे।

