
जिला रिपोर्टर सुरेश कुमार चौधरी
*होली के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों के साथ साझा किए खुशियों के पल*
*गुलाल, मिठास और आत्मीय संवाद के बीच बुजुर्गों के चेहरों पर आई मुस्कान*
होली के पावन एवं उल्लासपूर्ण पर्व के अवसर पर जिला टीकमगढ़ के *पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई* द्वारा मातृ-पितृ वृद्धाश्रम पहुँचकर वहाँ निवासरत बुजुर्गों के साथ आत्मीयता एवं सम्मान के साथ समय व्यतीत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बुजुर्गों के साथ होली की खुशियाँ साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं तथा उनके कुशल-क्षेम की जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने पुलिस अधीक्षक का *फूल भेंट कर आत्मीय स्वागत* किया। इस स्नेहपूर्ण वातावरण में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी बुजुर्गों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी गई तथा उनका *मुंह मीठा कराते हुए प्रेम और अपनत्व का संदेश* दिया गया।
इस अवसर पर बुजुर्गों के साथ *केक काटकर हर्षोल्लास के साथ समय व्यतीत किया गया*, जिससे पूरे परिसर में पारिवारिक स्नेह और उत्सव का भाव देखने को मिला। बुजुर्गों ने भी पुलिस अधीक्षक से आत्मीय संवाद करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और इस पहल की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि *त्योहार केवल उत्सव नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ प्रेम, सम्मान और अपनत्व साझा करने का अवसर भी होते हैं*। उन्होंने बुजुर्गों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर *रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, निरीक्षक रवि भूषण पाठक, निरीक्षक मनीष मिश्रा, महिला सेल से प्रभारी प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा, महिला आरक्षक कीर्ति बुंदेला एवं महिला आरक्षक मानसी तिवारी* भी उपस्थित रहे और सभी ने बुजुर्गों के साथ होली की खुशियाँ साझा कीं।
यह आयोजन सामाजिक संवेदनशीलता, सम्मान और सामुदायिक जुड़ाव का प्रेरणादायी उदाहरण बना, जिसने होली के पर्व की *मूल भावना—प्रेम, अपनत्व और मानवीय संवेदनाओं—को और अधिक प्रगाढ़ किया।*

