
ब्यूरो. रिपोर्ट. अनुराग तिवारी
बांदा..उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारी और सेवानिवृत्त आईएएस आनंद कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य लोक सेवा अधिकरण, लखनऊ में सदस्य (प्रशासकीय) पद पर नियुक्त किया है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उन्हें कार्यभार ग्रहण की तिथि से पद पर तैनाती की अनुमति दी है। आनंद कुमार सिंह प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में एक कुशल, संवेदनशील और अनुभवी अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने कई जिलों में प्रशासनिक सेवाएं दी हैं। वे बांदा के जिलाधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं, जनहित के कार्यक्रमों और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया था। सेवानिवृत्ति से पहले वे प्रबंध निदेशक, पराग डेयरी (पीसीडीएफ) लखनऊ के पद पर कार्यरत रहे। वहां उन्होंने दुग्ध उत्पादन और वितरण व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई नवाचार किए। शासन ने उनके प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता को देखते हुए यह नई जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य लोक सेवा अधिकरण में सदस्य (प्रशासकीय) के रूप में अब वे सरकारी कर्मचारियों से जुड़े सेवा विवाद, पदोन्नति, अनुशासनात्मक कार्यवाही और सेवा शर्तों से संबंधित मामलों की सुनवाई में अहम भूमिका निभाएंगे। राज्य लोक सेवा अधिकरण सरकारी कर्मचारियों के लिए न्याय पाने का एक प्रमुख मंच है। यहां सेवानिवृत्त न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी सेवा संबंधी मामलों में निर्णय करते हैं। आनंद कुमार सिंह की नियुक्ति से अधिकरण के कामकाज में गति और अनुभव का नया आयाम जुड़ने की उम्मीद है। प्रशासनिक हलकों में उनकी नियुक्ति का स्वागत किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आनंद कुमार सिंह का संतुलित दृष्टिकोण और व्यवहारिक कार्यशैली संस्थान की कार्यप्रणाली को और सशक्त बनाएगी।

