
*डीएम दिव्या मित्तल ने यूपीपीएससी परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश*रिपोर्ट राजेश कुमार यादव*
**देवरिया।**
जिले में आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी **श्रीमती दिव्या मित्तल** ने रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
डीएम ने पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज**, एवं **महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज** में पहुंचकर प्रथम पाली के दौरान परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली और लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान **किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।** उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहनी चाहिए। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखने और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सभी गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
जिले में कुल **8,928 परीक्षार्थियों** के लिए **22 परीक्षा केंद्र** बनाए गए हैं, जिनकी देखरेख के लिए **22 सेक्टर मजिस्ट्रेटों** की तैनाती की गई है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई — **प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक** और **द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक।**
निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांति एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है।

