ताज़ा ख़बरें

ब्रेकिंग : जंगल में सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी, युवक की पहचान के बाद भी मौत का रहस्य बरकरार

जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक अंतर्गत गंजईडीह गांव के जंगल में एक सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया गया कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम

स्थानीय लोगों की सूचना पर संजारी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

मृतक की हुई पहचान

जांच के दौरान मृतक की पहचान लगभग 25 वर्षीय तुलेश्वर रात्रे, निवासी धनगांव (डौंडीलोहारा) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि युवक बाहर दूसरे राज्य में काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था।

परिजनों के अनुसार, युवक घर आने के बाद कुछ पैसे (करीब 16-17 हजार रुपए) निकालकर कहीं घूमने निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद जंगल में मिले शव की पहचान उसकी बहन ने हाथ में बने बिच्छू के टैटू, चप्पल और कपड़ों से की।

▲ मौत का कारण अब भी रहस्य

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी कि मामला हत्या का है, दुर्घटना का या अन्य किसी कारण से मौत हुई है। घटना स्थल पर एक पेड़ में फंदे जैसा कपड़ा भी लटका हुआ मिला है।

इलाके में दहशत, जल्द खुलासे की मांग

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

शनिवार शाम करीब 4 बजे युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन मौत के पीछे की सच्चाई अब भी जांच के घेरे में है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द खुलासे की बात कही जा रही है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!