
बाजार चौक में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार माइंस ट्रक बिजली पोल से टकराई, टली बड़ी जनहानि
राजा खान -*रिपोर्टर -देश 24 लाइव न्यूज़ जिला ब्यूरो बालोद*
सोमवार -29/12/2025
बालोद जिले के डौण्डी नगर के मुख्य मार्ग स्थित बाजार चौक में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ। कच्चे माइंस की ओर से तेज रफ्तार में आ रही माइंस ट्रक बाजार चौक में स्टॉपर के पास खड़ी एक ट्रक से टकराते हुए सीधे हालर दुकान के सामने लगे बिजली के लोहे के खंभे से जा भिड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान दो बार जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। पहली आवाज उस समय आई जब तेज रफ्तार ट्रक ने दूसरी तरफ से आ रही ट्रक को टक्कर मारी, वहीं दूसरी और उससे भी अधिक भीषण आवाज तब आई जब ट्रक सीधे बिजली के खंभे से टकराई। आवाज इतनी जबरदस्त थी कि पूरे बाजार चौक में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का लोहे का खंभा पूरी तरह मुड़ गया। हालांकि खंभे की वजह से पीछे स्थित दुकान सुरक्षित बच गई। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां आमतौर पर बस का इंतजार करते लोग खड़े रहते हैं, लेकिन संयोग से उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
हादसे के चलते पूरे डौण्डी नगर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और शाम करीब 5:30 बजे तक लाइट बंद रही। घटना के बाद स्थानीय बाजार चौक व जवाहर पारा के लोग धरने पर बैठ गए। बाद में धरने में बैठे लोगों के साथ नगर पंचायत में चर्चा की गई, जिसमें नागरिकों ने बाजार चौक में बार-बार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए सड़क पर डिवाइडर लगाने की मांग प्रमुखता से रखी।
इस दौरान तहसीलदार द्वारा लोगों को समझाइश देकर धरना समाप्त कराया गया। प्रशासन की ओर से मांग पर विचार करने का आश्वासन भी दिया गया।
घटना के कुछ ही मिनटों के भीतर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। विभाग की तत्परता का नतीजा यह रहा कि एक ही दिन में क्षतिग्रस्त पोल हटाकर नया पोल लगाया गया और शाम 5:30 बजे तक बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई। त्वरित कार्रवाई को लेकर नगरवासियों ने विद्युत विभाग की सराहना की।

