
टीकमगढ़ जिला रिपोर्टर सुरेश कुमार चौधरी 
टीकमगढ़ में आपदा के बीच प्रशासन मुस्तैद, एसपी श्री मनोहर सिंह मंडलोई व कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीय ने किया संयुक्त निरीक्षण
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की पहल से बाधित रास्ते खुले, समन्वित प्रयासों से शहर में सामान्य स्थिति बहाल
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को टीकमगढ़ में आई अचानक आंधी, तेज बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण शहर का जनजीवन प्रभावित हो गया। प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीय द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया।
आपदा के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कलेक्टर विवेक श्रोतीय के साथ शहर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया एवं आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासनिक समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी गई।
पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर द्वारा जिले के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों हेतु निर्देशित किया गया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल एवं प्रशासन की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, जिन्हें पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने जनसहयोग से शीघ्र हटवाकर यातायात को पुनः सुचारू किया गया।
इसके साथ ही, शहर में उत्पन्न अन्य अव्यवस्थाओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर महोदय द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित विभागों के साथ मिलकर आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
टीकमगढ़ पुलिस एवं जिला प्रशासन इस कठिन समय में नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं तथा आपदा की स्थिति में हरसंभव सहायता प्रदान करने हेतु निरंतर कार्यरत हैं।

