ताज़ा ख़बरें

डॉ भीमराव अंबेडकर जी का जीवन संघर्ष समानता और समाजिक न्याय की प्रेरणा देता है हम ऐसे संविधान के अंतर्गत जीवन यापन कर रहे हैं जिसकी रचना डॉक्टर भीमराव जैसे महान विचारक ने की विधायक जतारा एवं कलेक्टर

*डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है: जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक*

 

*हम ऐसे संविधान के अंतर्गत जीवन यापन कर रहे हैं, जिसकी रचना डॉ. अंबेडकर जैसे महान विचारक ने की: कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय*

 

*डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर स्थानीय उत्सव भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित*

 

*टीकमगढ़, 14 अप्रैल 2026/* टीकमगढ़ जिले में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर स्थानीय उत्सव भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शंकरलाल एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसके माध्यम से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, कार्यक्रम की अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह, विशिष्ट अतिथि श्रीमती सरोज राजपूत तथा कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग श्री मुकेश पालीवाल ने आदिम जाति एवं कल्याण विभाग की योजनाओं एवं शासन द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने बाबा साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है तथा उनका संपूर्ण जीवन समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।

तत्पश्चात श्रीमती सरोज राजपूत ने कहा कि बाबा साहब ने किसी एक वर्ग नहीं बल्कि पूरे देश के लिए संविधान का निर्माण किया। उन्होंने समाज में समानता एवं समरसता की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह ने कहा कि हमें बाबा साहब को केवल स्मरण ही नहीं, बल्कि उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।

कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं जो स्वतंत्र भारत में जन्मे हैं और ऐसे संविधान के अंतर्गत जीवन यापन कर रहे हैं, जिसकी रचना डॉ. अंबेडकर जैसे महान विचारक ने की। उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया।

जिला स्तरीय समारोह में शासकीय कन्या जूनियर छात्रावास, अनुसूचित जाति कन्या महाविद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं छात्रा कीर्ति सौर ने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित कविता का प्रभावशाली पाठ किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, अंत्यावसायी सहकारी विभाग, जिला शिक्षा केंद्र, मप्र डे आजीविका मिशन, भारतीय स्टेट बैंक, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग शामिल रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्रायें तथा बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री वीरेन्द्र चंसोरिया द्वारा किया गया।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!