
सरावगी पेट्रोल पंप के पास चलती अर्टिका में लगी आग, मचा हड़कंप
रिपोर्ट – संभाग ब्यूरो चीफ़ सुनील रैदास
सरावगी पेट्रोल पंप चौपाटी के सामने सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दौड़ती हुई एक मारुति अर्टिका कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सड़क से गुजर रही थी तभी अचानक बोनट से धुआं उठने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोक दी और कार में सवार सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद कार ने तेजी से आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना तत्काल नगरपालिका और दमकल विभाग को दी गई, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से घटनास्थल से मात्र लगभग 400 मीटर की दूरी पर नगरपालिका कार्यालय होने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी। जब तक दमकल वाहन पहुंचा, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि यदि इस घटना में कोई जनहानि होती, तो जिम्मेदारी किसकी होती? लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दमकल व्यवस्था की तत्परता की जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

