ताज़ा ख़बरें

राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में गरजी कांग्रेस कलेक्ट्रेट पर जोर दार प्रदर्शन

राहुल गांधी पर FIR के विरोध में गरजी कांग्रेस, कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन

हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ को बताया दलितों का अपमान, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और FIR रद्द करने की मांग

टीकमगढ़। उत्तराखंड के हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर बुधवार को टीकमगढ़ में कांग्रेस का आक्रोश खुलकर सामने आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी की घटना को लेकर तीखा विरोध जताते हुए राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस विधायक यादवेन्द्र सिंह बुंदेला ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद सत्ता पक्ष समर्थित संगठनों द्वारा वहां ‘शुद्धिकरण अनुष्ठान’ किया गया, जो देश के करोड़ों दलितों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस कथित अमानवीय कृत्य के खिलाफ राहुल गांधी ने आवाज उठाई, लेकिन उत्तराखंड पुलिस ने राजनीतिक दबाव में उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि द्वारा किसी गलत घटना के खिलाफ आवाज उठाना अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेने और हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ करने वाले लोगों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।

कलेक्ट्रेट परिसर में गूंजे सरकार विरोधी नारे

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कलेक्ट्रेट परिसर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में कांग्रेस के अहमद, संजय नायक, गौरव शर्मा, पंकज अहिरवार, सुनील अहिरवार, रवि लोधी, पूनम जायसवाल, सुधीर बजाज, रानू मिश्रा, फरीद खान, प्रत्यूष पाठक, डॉ. इसरार खान, कर्मेंद्र व्यास और राजीव जैन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!