
शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप, 100 साल पुराना रास्ता बंद। दबंगों के होंसले बुलंद
ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा आवेदन, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
टीकमगढ़। बल्देवगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत लुहर्रा की आदिवासी बस्ती के समीप करीब 5 एकड़ खसरा नंबर 240/2/7
शासकीय भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा कर जुताई करने और 100 वर्ष पुराने रास्ते को बंद करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने तहसीलदार को आवेदन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और रास्ता खुलवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रामस्वरूप, इमरत, मनोज और रामलखन पिता लक्ष्मण यादव ने शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया है, जिससे आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में छोटे लाल यादव, सतपाल यादव, बिहारी लाल अहिरवार, राकेश अहिरवार, ज्ञानचंद आदिवासी, पहलवान आदिवासी, इमरत आदिवासी, अजय अहिरवार सहित अन्य ग्रामीणों ने तहसीलदार एसपी प्रजापति को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मामला केवल आश्वासन तक सीमित न रह जाए।
तहसीलदार एसपी प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच के लिए पटवारी को भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













