
26 लाख की साइबर ठगी में कार्रवाई नहीं होने का आरोप, पीड़ित ने एसपी कार्यालय में लगाई गुहार
दो साल से न्याय की आस, कई विभागों और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का दावा
टीकमगढ़। जिले के एक युवक ने करीब ₹26.11 लाख की साइबर ठगी के मामले में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फरियादी का कहना है कि बीमा पॉलिसियों और ई-मेल के माध्यम से भारतीय रिजर्व बैंक के नाम का हवाला देकर उससे लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पीड़ित के अनुसार मामले में वर्ष 2024 में थाना बम्हौरीकलां में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसका आरोप है कि जांच के दौरान कई आरोपियों और बैंक खातों की जानकारी पुलिस के सामने आने के बावजूद प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। उसने यह भी दावा किया कि एक आरोपी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
फरियादी ने बताया कि वह पुलिस अधीक्षक, साइबर सेल, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, पुलिस महानिरीक्षक, डीआईजी सहित विभिन्न कार्यालयों में कई बार आवेदन दे चुका है। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला।
पीड़ित ने आवेदन में मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए तथा ठगी गई राशि की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। उसने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की
होगी।
