ताज़ा ख़बरें

बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया जाए प्रोत्साहित, कचरा वाहनों की जीपीएस से की जाएं निगरानी

*बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया जाए प्रोत्साहित, कचरा वाहनों की जीपीएस से की जाये निगरानी*

 

*कंट्रोल रूम से शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण, रात्रिकालीन सफाई पर भी जोर*

 

*ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से नगरपालिका के पार्षदों एवं कर्मचारियो के साथ बैठक आयोजित*

 

*टीकमगढ़, 11 जुलाई 2026/* सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सभी जिलों में कलेक्टर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में टीकमगढ़ नगर पालिका के पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 

 

कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए वृहद एवं पारदर्शी कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसकी शुरुआत नगर पालिका टीकमगढ़ से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने उत्तरदायित्व का गंभीरता से निर्वहन करें। जिम्मेदारी से बचने एवं कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाए।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि नगर के प्रत्येक घर, दुकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान में डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित कर गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही पृथक-पृथक एकत्रित किया जाए। सभी दुकानदारों, होटल मालिक, रेस्टोरेंट मालिक,ठेला संचालकों एवं गुमटी संचालको के लिए डस्टबिन रखना अनिवार्य करें और प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन में ही डालना अनिवार्य करें। यदि कोई संचालक डस्टबिन नहीं रखता है या उसके प्रतिष्ठान के आस पास कचरा जमा दिखता है तो उस पर जुर्माने की कार्यवाही की जाए एवं उनको हटाने की कार्रवाई की जाए। खाली प्लॉटों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की निगरानी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिसपर सभी पार्षदों ने सहमति दी।

 

*पार्षदों से सतत संवाद कर वार्डवार बनाई जाए प्रभावी व्यवस्था*

 

कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि पार्षद अपने वार्ड में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के महत्वपूर्ण नेतृत्वकर्ता हैं। सफाई एजेंसी एवं नगर पालिका की टीम सभी संबंधित पार्षदों से सतत संवाद एवं समन्वय स्थापित कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए। पार्षद भी अपने वार्डों में आमजन तक कचरा प्रबंधन की जानकारी पहुंचाकर नागरिकों को जागरूक करें।

बैठक में पार्षदगणों ने अभी नगर की स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य उपयोगी बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया एवं कार्य योजना बनाने में अपने सुझाव प्रस्तुत करे।

श्री श्रोत्रिय ने निर्देश दिए कि वार्डों में कचरा संग्रहण वाहनों के निर्धारित रूट एवं समय तय किए जाएं। कचरा वाहनों में जीपीएस ट्रैकर लगाए जाएं, जिससे उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके। नगर में कचरा एकत्रित होने वाले जीवीपी पॉइंट्स को चिन्हित कर उन पर विशेष कार्ययोजना के तहत कार्रवाई की जाए। सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से इन स्थानों पर दोबारा कचरे के ढेर नहीं लगने दिए जाएं।

 

*कंट्रोल रूम से होगी प्रतिदिन समीक्षा*

 

कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। कंट्रोल रूम में पार्षदों एवं आमजन से प्राप्त स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। प्रतिदिन व्यवस्था की समीक्षा कर सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर में आवश्यकतानुसार रात्रिकालीन सफाई कार्य किया जाए। साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे बच्चे अपने परिवारजनों को भी स्वच्छता एवं उचित कचरा प्रबंधन के लिए प्रेरित कर सकें।

 

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया ने बैठक में कचरा संग्रहण, पृथक्करण से लेकर प्रोसेसिंग तक की संपूर्ण व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं बेहतर उपयोग करते हुए नगर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।

 

डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कचरा खुले में न फेंकें तथा नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें। उन्होंने सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने और शहर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

 

कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि पार्षदगण, नगर पालिका, सफाई एजेंसी और नगरवासी एक टीम के रूप में समन्वय से कार्य करेंगे तो टीकमगढ़ मध्यप्रदेश के सबसे स्वच्छ नगरों में शामिल होगा और पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बनेगा। बैठक में उपस्थित पार्षदगणों द्वारा भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संबंध में अपने बिचार व्यक्त किये।

 

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री संजय नायक , मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया, पार्षद गण श्री अभिषेक खरे रानू, श्रीमती रजनी पूनम जायसवाल, श्री हबीब लाईन ,श्री अनीस खान, श्रीमती निकिता प्रजापति, श्रीमती सीताबाई कुशवाहा, श्री बेबी दयाल, पार्षद प्रतिनिधि श्री सूर्यप्रकाश मिश्रा (दद्दी), श्री फरीद खान, श्री सनी सोनी नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!