
जिला रिपोर्टर सुरेश कुमार चौधरी टीकमगढ़ 
*संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में 83402 आवेदनों का किया निराकरण*
*कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने जिला स्तरीय शिविर में पात्र हितग्राहियों को किया लाभान्वित*
*टीकमगढ़, 28 मार्च, 2026/* शासन के निर्देशानुसार विभिन्न जन योजनाओं/सेवाओं में हितग्राहियों को लाभ प्रदाय करने हेतु आज स्थानीय उत्सव भवन में संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय तथा जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि सुशासन व स्वराज हेतु प्रतिबद्ध शासन द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं का पूरा लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाने के लिए 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संकल्प से समाधान अभियान का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायतों/नगरीय निकायों/तहसील एवं जिला स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही आमजन की समस्याओं का भी निराकरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि संकल्प से समाधान अभियान 12 जनवरी 2026 से आज दिनांक तक ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, तहसीलों तथा विकासखंड स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों में 83402 आवेदन दर्ज किये गये। जिनका परीक्षण कर निराकरण किया गया। शिविरों में प्राप्त 83402 आवेदनो में से 81527 आवेदन स्वीकृत किये गये तथा 1875 आवेदन अस्वीकृत किये गये। स्वीकृत आवेदनों के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
अभियान अंतर्गत स्थानीय उत्सव भवन में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में वन विभाग, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, सामाजिक न्याय, आदिमजाति, एलडीएम, एनआरएलएम, कृषि, उद्यानिकी, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी गई। इसके साथ ही कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र तथा प्रमाण पत्र भी वितरित किये गये।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, अनुविभागीय अधिकारी टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर, सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विभाग टीकमगढ़ श्री उदल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एचएस चौहान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया, सहायक संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री सौरभ तिवारी सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण, हितग्राही, सामान्यजन एवं अधिक संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहें।

