ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेशशहडोल

घर से निकले थे गुरुवार शाम, शुक्रवार सुबह नदी में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घर से निकले थे गुरुवार शाम, शुक्रवार सुबह नदी में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रि
पोर्ट – संभागीय ब्यूरो प्रमुख सुनील रैदास

अनूपपुर। जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवई नदी में शुक्रवार सुबह एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बुजुर्ग की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम दरईबहरा निवासी मोट्टन सिंह गोंड़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोट्टन सिंह गुरुवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार या परिचित के यहां रुक गए होंगे और अगले दिन घर लौट आएंगे।

शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे केवई नदी में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतमा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।

घर से महज 700 मीटर दूर मिला शव

बताया जा रहा है कि घटनास्थल मृतक के घर से लगभग 700 मीटर की दूरी पर स्थित है। प्रारंभिक आशंका है कि गुरुवार शाम घर लौटते समय मोट्टन सिंह ने कम दूरी तय करने के लिए नदी पार करने की कोशिश की होगी। इस दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, नदी में डूबने की परिस्थितियों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

रातभर पानी में रहने के कारण शव फूलकर नदी के किनारे आ गया होगा, जिसके बाद सुबह ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतमा थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला के अनुसार, फिलहाल मामला प्रथम दृष्टया डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!