टीकमगढ़मध्यप्रदेश

कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बल्देवगढ़ में बंद पड़े मछली बाजार को प्रारंभ कराने के लिए की समीक्षा

*कलेक्टर  विवेक श्रोत्रिय ने बल्देवगढ़ में बंद पड़े मछली बाजार को प्रारंभ कराने के लिए की समीक्षा*

*टीकमगढ़, 03 फरवरी 2026/* कलेक्टर  विवेक श्रोत्रिय ने आज बल्देवगढ़ नगर के खरगापुर रोड स्थित निर्माणाधीन मछली बाजार का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को लेकर मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  श्रोत्रिय ने बाजार की भौतिक स्थिति, दुकानों की संरचना, स्वच्छता व्यवस्था और आसपास के क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि 10-11 वर्ष से बनी शासकीय संपत्ति का उपयोग नहीं होना गंभीर विषय है और इसे शीघ्र चालू कराना मत्स्य विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर  श्रोत्रिय ने निर्देश दिए कि पूरे नगर में थोक मछली विक्रय के लिए केवल एक अधिकृत स्थान तय किया जाए, ताकि बेतरतीब बाजारों पर रोक लगे और व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने मछली बाजार की दुकानों का आवंटन नगर पालिका द्वारा पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया से करने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि बाजार प्रारंभ होने से पहले जल निकासी, कचरा प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल और यातायात व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाये। उन्होंने समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
 श्रोत्रिय ने कहा कि तीन दिन बाद मछली समितियों नगर परिषद के जन प्रतिनिधियों के साथ पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ क्षेत्र की मछली प्रदेश के साथ ही देश में अपनी गुणवत्ता के लिए जानी जाती है। व्यवस्थित बाजार शुरू होने से स्थानीय मछुआरों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं- सभी को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, तहसीलदार डाॅ. अनिल गुप्ता, नगर परिषद बल्देवगढ़ अध्यक्ष श्रीमती शालिनी विश्वदीपक मिश्रा, सीएमओ श्रीमती सुनीता खरे, सीईओ जनपद पंचायत बल्देवगढ़ श्री निशांत भूरिया सहित पार्षद और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!