Uncategorizedमध्यप्रदेशशहडोल

आदिवासी छात्रावास निर्माण में अतिक्रमणकारियों की बाधा, ग्रामीणों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

आदिवासी बालक-बालिकाओं के भविष्य से खिलवाड़

 

आदिवासी छात्रावास निर्माण में अतिक्रमणकारियों की बाधा, ग्रामीणों ने  सख्त कार्रवाई की मांग


 

शहडोल |  संभाग ब्यूरो चीफ़ सुनील रैदास

जिले के सोहागपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम छतवाई में संदीपनी छात्रावास योजना वर्ष 2019 के अंतर्गत स्वीकृत आदिवासी बालक-बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य में अतिक्रमणकारियों द्वारा लगातार बाधा पहुंचाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत छतवाई के ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने जन-सुनवाई में अनुविभागीय दंडाधिकारी, सोहागपुर को लिखित आवेदन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि शासन द्वारा 50 सीटर आदिवासी छात्रावास स्वीकृत किया गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले आदिवासी बालक-बालिकाएं रहकर पढ़ाई कर सकें। लेकिन कुछ अज्ञात असामाजिक एवं अतिक्रमणकारी तत्वों द्वारा निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार को धमकाया जा रहा है तथा गाली-गलौज कर काम रुकवाया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस भूमि पर छात्रावास का निर्माण होना है, वह शासन के अभिलेखों में दर्ज है। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों द्वारा शासकीय कार्य में जानबूझकर बाधा डाली जा रही है। इससे आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है और बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो आदिवासी बच्चों को शिक्षा और आवास की सुविधा से वंचित होना पड़ेगा। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने मांग की है कि अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए छात्रावास निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।

प्रशासन से उम्मीद जताई जा रही है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों पर कार्रवाई कर आदिवासी बच्चों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!