
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक एवं प्रशिक्षण में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में दी विस्तारपूर्वक जानकारी
देश-24 लाइव न्यूज़ रिपोर्टर -राजा खान जिला ब्यूरो 9174400910 बालोद
राष्ट्र हित के इस महत्वपूर्ण कार्य में राजनैतिक दलों की प्रतिनिधियों से सहयोग करने की अपील की
बालोद, 31 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक एवं प्रशिक्षण में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उद्देश्य, कार्य प्रणाली एवं प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की शुद्धता एवं इसे अद्यतन करने हेतु मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। जिससे कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिकों का नाम न छुट पाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति एवं अवैध नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नाम न जुड़ पाए। उन्होंने कहा कि इस अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य को त्रुटिरहित ढंग से एवं सुचारू रूप से संपन्न करने हेतु राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। श्रीमती मिश्रा ने जिले के राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने की अपील भी की। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक, अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल एवं अन्य अधिकारियों तथा मास्टर ट्रेनर्स के अलावा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार बालोद जिले में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ कर दिया गया है। इसके अंतर्गत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 07 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बालोद जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 59 संजारी बालोद में मतदाताओं की कुल संख्या 02 लाख 37 हजार 663 है। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 60 डौण्डीलोहारा में कुल मतदाता 02 लाख 22 हजार 385 तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 61 गुण्डरदेही में मतदाताओं की कुल संख्या 02 लाख 48 हजार 402 है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संपन्न कराए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य में मतदान केन्द्रों के लिए नियुक्त किए गए बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका एवं दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। इसके अलावा राजनैतिक दलों के द्वारा भी बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति की गई है। इस कार्य के अंतर्गत नियुक्त किए गए बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 04 नवंबर से 04 दिसंबर तक घर-घर जाकर गणना पत्रक को वितरण एवं भरवाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स श्री विजय देवांगन, श्री नंद किशोर यादव एवं श्री षडेन्द्र के द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अलावा उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को गणना पत्रक भरने के प्रक्रियाओं एवं वांछित दस्तावेजों आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।


