
*किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति से होने वाले वास्तविक लाभों से अवगत कराएं – कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय*
*बान सुजारा परियोजना के अंतर्गत आने वाले 183 ग्रामों में किसानों को आधुनिक सिंचाई पद्धतियों का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश*
*कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजनांतर्गत प्रेशराइज्ड इरीगेशन की समीक्षा बैठक आयोजित*
*टीकमगढ़, 18 नवम्बर 2026* कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजनांतर्गत संचालित प्रेशराइज्ड इरीगेशन (दबाव आधारित सिंचाई) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत पीपीटी के माध्यम से योजना की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति तथा किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति से लाभान्वित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक किसानों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिले में संचालित बान सुजारा परियोजना के अंतर्गत आने वाले 183 ग्रामों में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति को बढ़ावा देते हुए किसानों को इनका लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि इन ग्रामों में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी विशेष कार्ययोजना तैयार कर किसानों से संपर्क स्थापित करें तथा पात्र कृषकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सुनियोजित प्रयास करें। इसके लिए ग्राम स्तर पर विशेष जागरूकता शिविर एवं किसान चौपाल आयोजित की जाएं, जिनमें किसानों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को केवल योजनाओं की जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति अपनाने से होने वाले वास्तविक लाभों से भी अवगत कराया जाए। किसानों को बताया जाए कि आधुनिक सिंचाई तकनीकों के उपयोग से उपलब्ध जल का अधिक दक्षता से उपयोग किया जा सकता है तथा फसलों की आवश्यकतानुसार सिंचाई की सुविधा मिलती है। इससे जल संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन एवं खेती की लागत को बेहतर बनाने में भी सहायता मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के बीच इन तकनीकों को लेकर व्यावहारिक समझ विकसित की जाए, ताकि वे इनके महत्व को समझकर इन्हें अपनाने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने निर्देशित किया कि बान सुजारा परियोजना के अंतर्गत आने वाले 183 ग्रामों का क्लस्टर बनाकर कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्रत्येक क्लस्टर के लिए विस्तार अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में किसानों से नियमित संपर्क कर उन्हें योजना से जोड़ने, आवेदन प्राप्त करने तथा स्वीकृति एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही योजना की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में गति लाई जा सके।
कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में समन्वित प्रयास किए जाएं तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर प्रणाली के उपयोग को लेकर किसानों की शंकाओं एवं समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इन सुविधाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता में रखा जाए, ताकि जिले में जल संरक्षण आधारित खेती को प्रोत्साहन मिल सके।
बैठक में कृषि स्थाई समिति के अध्यक्ष श्री छत्रपाल सिंह (छोटू राजा) ने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा लक्ष्यवार कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं तथा पात्र किसानों को लाभान्वित करने के लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से किसानों को आधुनिक सिंचाई पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
बैठक में जिला अध्यक्ष भारतीय किसान संघ श्री शिवमोहन गिरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विशाल धाकड़, जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली से संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।













