
जिला रिपोर्टर सुरेश कुमार चौधरी टीकमगढ़ 
▪️SP श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में बुंदेली जनसंवाद चौपाल से बढ़ा विश्वास: टीकमगढ़ में पुलिस-जन संवाद बना बदलाव की ताकत
▪️ जनभागीदारी से घटे विवाद: टीकमगढ़ में संवाद आधारित पुलिसिंग का असर
▪️ हर गांव में संवाद, हर समस्या का समाधान: थाना /चौकी स्तर पर जन-चौपाल से बढ़ी पारदर्शिता
टीकमगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया “बुंदेली जनसंवाद चौपाल” अभियान अब विश्वास और सहभागिता का प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है। इस पहल के माध्यम से पुलिस सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और मौके पर ही उनके निराकरण का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान ने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करते हुए पारदर्शिता और सहयोग को नई दिशा दी है। ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस के प्रति भरोसा भी लगातार मजबूत हो रहा है।
दिनांक 03 मई 2026 को थाना बुढेरा,जतारा ,मोहनगढ़,बलदेवगढ़ एवं चौकी देवरदा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंवाद चौपाल का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं।
चौपाल के दौरान आमजन को घर एवं संपत्ति की सुरक्षा, कृषि उपकरणों की देखरेख तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन 1930 के उपयोग, यातायात नियमों के पालन एवं अफवाहों से सावधान रहने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
किसानों को विशेष रूप से फसल सुरक्षा, आगजनी से बचाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस एवं अग्निशमन सेवाओं से संपर्क करने के उपाय बताए गए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई।
इस पहल के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। जिले में शिकायतों में लगभग 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो पुलिस और आमजन के बीच बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत है।
टीकमगढ़ पुलिस का यह प्रयास न केवल जनसुरक्षा को मजबूत कर रहा है, बल्कि समाज में सहभागिता और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित कर रहा है।
टीकमगढ़ पुलिस — संवाद, सहयोग और सुरक्षा का सशक्त संगम

