ताज़ा ख़बरें

ब्रेकिंग : बच्चा चोरी का प्रयास विफल: सोशल मीडिया अलर्ट से बची 10 साल की मासूम

बोरे में भरकर ले जा रहे थे आरोपी, रास्ते में छोड़कर हुए फरार जिले के अरमुरकसा क्षेत्र में बच्चा चोरी का प्रयास विफल होने का मामला सामने आया है। 10 वर्षीय बच्ची को अज्ञात आरोपियों द्वारा अगवा करने की कोशिश की गई, लेकिन लोगों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना के चलते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, बच्ची शाम करीब 6 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की और सोशल मीडिया पर बच्ची के लापता होने की सूचना वायरल हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अलर्ट फैल गया।

बोरे में भरकर ले जा रहे थे

बताया जा रहा है कि आरोपी बच्ची को बोरे में भरकर ले जा रहे थे, लेकिन क्षेत्र में बढ़ती हलचल और लोगों की जागरुकता को देखते हुए घबरा गए और बच्ची को रास्ते में ही नर्सरी के पास छोड़कर फरार हो गए।

सुरक्षित मिली बच्ची, अस्पताल में इलाज

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बच्ची को बरामद कर लिया गया। फिलहाल बच्ची को ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पूर्व जनपद सदस्य ने दी जानकारी

इस घटना की जानकारी पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस द्वारा साझा की गई, जिसके बाद मामला तेजी से सामने आया और लोगों की सक्रियता बढ़ी। उन्होंने बताया कि बच्ची सही सलामत घर आ गई है लेकिन काफी डरी सहमी है। ज्यादा पूछताछ नहीं हो पाई है पुलिस को सूचित किया गया है। संदिग्धों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बच्ची का कहना है कि दो लोग उनके गांव में आए थे और बच्चों को चॉकलेट खाने को दे रहे थे। उसे भी चाकलेट दिया गया और फिर आरोपी उसे बोरे में बांधकर किसी अज्ञात जगह पर ले गए थे। वहां आरोपियों के अन्य साथी भी थे। फिर रात में उसे कहीं और ले जाने की तैयारी कर रहे थे। पर लोगों में बढ़ती हलचल और पकड़े जाने के डर से वे बोरे सहित नर्सरी के पास उसे छोड़ दिए थे। किसी ने फिर बोरा जो बंधा हुआ था उसे खोलकर देखा तो बच्ची वहां सलामत थी। इस घटना में बच्ची के साहस की भी सराहना हो रही है। पर यह घटना सभी पालकों और बच्चों के लिए एक सबक भी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए जाने वाले किसी भी तरह के चॉकलेट या प्रलोभन से दूर रहे। आपके आसपास भी अगर ऐसे संदिग्ध घूमते मिले तो पुलिस को सूचित करें।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर जागरुकता और सामूहिक प्रयास से बड़ी घटनाओं को टाला जा सकता है।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!