
पारिवारिक मामलों को चिन्हित कर करें निस्तारण — प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय बद्री विशाल पाण्डेय
देवरिया उत्तर प्रदेश से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट

देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश श्री राम मिलन सिंह के निर्देशानुसार गुरुवार 06 नवम्बर 2025 को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार तिवारी द्वारा परिवार न्यायालय, देवरिया में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवरिया श्री बद्री विशाल पाण्डेय ने की।
बैठक का उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (13 दिसम्बर 2025) में अधिक से अधिक पारिवारिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करना था।
प्रधान न्यायाधीश श्री पाण्डेय ने निर्देश दिया कि परिवार न्यायालयों में लंबित पारिवारिक मामलों को चिन्हित कर, उन्हें शीघ्र निस्तारित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों को आपसी समझौते और संवाद के माध्यम से सुलझाना समाज के हित में है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में पारिवारिक वादों का निस्तारण पक्षकारों की आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रार्थना पत्रों के माध्यम से पत्रावलियों को संबंधित न्यायालयों में लगवाकर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जाए ताकि पक्षकारों को समय और संसाधन दोनों की बचत हो।
इस अवसर पर अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री ब्रजेश मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

