
अलीगढ़ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को नया रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। गुरुवार को कमिश्नरी में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि चौराहों का सौंदर्याकरण और चौड़ीकरण कर उन्हें व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत दुबे पड़ाव चौराहे से होगी। इसके लिए अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए), नगर निगम, आवास-विकास परिषद और लोक निर्माण विभाग संयुक्त रूप से काम करेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि चौराहों पर पैदल यात्रियों के लिए अलग लेन बनाई जाएगी और ट्रैफिक लाइट व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।


