उत्तर प्रदेशक्राइमबांदा

पेट्रोल पंप के बगल चाय की गुमटी में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

बांदा- बांदा जनपद के बबेरू कस्बे में कमासिन रोड पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल पंप के ठीक किनारे रखी चाय की गुमटी में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी गुमटी को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि गुमटी में रखा सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया।

पेट्रोल पंप के बिल्कुल बगल में आग लगने और सिलेंडर फटने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है।

आग लगने के समय गुमटी का मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। गुमटी संचालक संतोष पटेल, उम्र करीब 45 वर्ष, पुत्र शिवगोपाल, निवासी समसदीपुर थाना मरका दुकान बंद करके मोहल्ले में किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था।

इसी दौरान गुमटी से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। आग की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पेट्रोल पंप के समीप आग होने के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई।

राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आने से गुमटी में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया।

गुमटी संचालक के अनुसार वहां रखा फ्रिज, खाने-पीने की सामग्री, चाय-नाश्ते का सामान सहित अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। इसके अलावा गुमटी में रखी करीब तीन हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।

आग से करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि जिस स्थान पर चाय की गुमटी में आग लगी, उसके बिल्कुल बगल में पेट्रोल पंप भी स्थित है।

यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। सिलेंडर फटने के बाद आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग कैसे लगी और विद्युत व्यवस्था में क्या कमी थी, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन संतोष पटेल की रोजी-रोटी का साधन बनी गुमटी और उसमें रखा हजारों रुपये का सामान आग में खाक हो गया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!