Site icon desh 24×7

पोकरण विधायक ने आकाश में गुब्बारे उड़ाकर किया मरू महोत्सव का भव्य आगाज

जैसलमेर, 21 फरवरी/चार दिवसीय जग विख्यात मरू महोत्सव का समारोह पूर्वक भव्य आगाज बुधवार को पोकरण से हुआ। पोकरण के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित शुभारंभ समारोह में पोकरण विधायक महन्त प्रतापपुरी, उपखण्ड अधिकारी गोपाल परिहार ने विधिवत् चार दिवसीय मरू महोत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, बीएसएफ के कमांडेंट रणवीर सिंह, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संजाना माणकचंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालसिंह,उपखण्ड अधिकारी पोकरण गोपाल परिहार, तहसीलदार पारसमल राठौड़, विकास अधिकारी यादव, ईओ रामस्वरुप गुच्छिया, सहित सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में जन समुदाय, कलाकार, महिलाएं व बीएसएफ के जवान उपस्थित थे।
*अभिषेक चयनित हुए मिस्टर पोकरण*
महोत्सव के दौरान सर्वाधिक रोचक प्रतियोगिता मिस्टर पोकरण में सम्मिलित हुए प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए निर्णय के अनुसार फलौदी के अभिषेक छंगाणी मिस्टर पोकरण चयनित हुए।
*अंतिमा खत्री चयनित हुई मिस पोकरण*
महिलाओं के लिए सर्वाधिक आकर्षक प्रतियोगिता मिस पोकरण में बालिकाओं ने भारी उत्साह दिखाया एवं इस प्रतियोगिता में शामिल हुई प्रतिभागी बालिकाओं ने सज धज कर वस्त्राभूषण के साथ भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए निर्णय के अनुसार पोकरण निवासी अंतिमा खत्री मिस पोकरण चयनित हुई।
*रोचक रही प्रतियोगिताएं*
महोत्सव के दौरान आयोजित की गई अन्य प्रतियोगिताएं भी बहुत ही रोचक रही एवं दर्शकों का मन मोह लिया। इसमें महिलाओं की मटका रेस बहुत ही रोचक रही जिसमें महिलाओं ने भाग लिया। उसमें से श्रीमती केंकू विजेता रही। इसी प्रकार साफा बांधो प्रतियोगिता भी आकर्षक रही। इस प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए प्रतिभागियों 2.30 मिनट में अच्छी तरह से साफा बांधा, जिसमें भेरुलाल विजेता रहे। इसी प्रकार पुरुषों एवं महिलाओं के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता हुई जिसमें दोनों वर्गो में पीएल जिम की टीमें विजेता रही।
*विजेताओं को दिए पुरस्कार*
उपखण्ड अधिकारी गोपाल परिहार ने मिस्टर पोकरण बने अभिषेक छंगाणी व मिस पोकरण बनी अंतिमा खत्री को ताज पहनाकर, मोमेंटो देकर व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसी प्रकार अन्य विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता राजेश उज्जवल एवं रमेशकंवर ने किया।
—000—

Exit mobile version