* जिला टीकमगढ़**
*दिनांक : 27 नवंबर 2026*
*पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ ने थाना पलेरा एवं चौकी देरी का किया निरीक्षण*
*लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश*
*अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक ने प्रभावी कार्रवाई पर दिया जोर*
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री सुधीर अग्रवाल द्वारा आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को थाना पलेरा एवं चौकी देरी (थाना खरगापुर) का निरीक्षण किया गया।
*थाना पलेरा* के निरीक्षण के दौरान *पुलिस अधीक्षक* द्वारा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने, प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्ययोजना के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
*चौकी देरी (थाना खरगापुर)* के निरीक्षण के दौरान *पुलिस अधीक्षक* द्वारा चौकी के अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। सीसीटीवी व्यवस्था, अपहृत व्यक्तियों से संबंधित दस्तयाबी की लंबित कार्यवाही तथा प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए। नियमित एवं प्रभावी गश्त की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की सघन चेकिंग कर आवश्यक वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी पलेरा निरीक्षक प्रीति भार्गव, थाना प्रभारी खरगापुर निरीक्षक अम्बर सिंह सिकरवार, चौकी प्रभारी देरी उप निरीक्षक संदीप सोनी सहित थाना पलेरा एवं चौकी देरी का पुलिस बल उपस्थित रहा।

