बेटियों की शिक्षा से मजबूत होगा समाज, डॉ. प्रीति ने दिया संदेश
छात्रावास की बालिकाओं संग किया भोजन, बिरसा मुंडा के संघर्ष और स्वाभिमान को किया नमन
टीकमगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय शासकीय उत्कृष्ट सीनियर बालिका छात्रावास में रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेविका डॉ. प्रीति सिंह परमार शामिल हुईं। छात्रावास अधीक्षिका उषा सुरीन ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. परमार ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक जयंती नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के संघर्ष, स्वाभिमान, संस्कृति और अधिकारों को याद करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए समाज को एकजुट किया। उनका जीवन आज भी अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।
बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और अपने अधिकारों की पहचान का सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने छात्राओं से कठिन परिस्थितियों में भी पढ़ाई जारी रखने और भविष्य में समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया।
उन्होंने बालिकाओं को सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए आपातकालीन सहायता नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181 और बाल सहायता नंबर 1098 की उपयोगिता बताई। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता एवं उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की बात कही।
कार्यक्रम का सबसे आत्मीय क्षण तब देखने को मिला, जब डॉ. परमार ने छात्रावास की बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और अपनत्व का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी समाज और राष्ट्र की नींव मजबूत होगी। कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष और स्वाभिमान को जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।

