महालक्ष्मी की पूजा कर लौट रही किशोरी नाले में डूबी, मौत
पुलिया के ऊपर पानी भरने से नहीं दिखा रास्ता, पांच वर्षीय बालक को बचाया गया
*बांदा से*चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव में शनिवार को महालक्ष्मी पर्व पर पूजा कर घर लौट रही कक्षा तीन की छात्रा की नाले में डूबने से मौत हो गई।हादसे में उसके साथ चल रहा पांच वर्षीय बालक भी पानी में डूबने लगा, जिसे परिजनों ने किसी तरह बचा लिया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।पपरेंदा गांव निवासी राजकुमार यादव की नौ वर्षीय पुत्री वंदना अपनी मां संतोषी, बुआ आरती और दादी शांति के साथ महालक्ष्मी पर्व पर बांधा नहाने और पूजा करने गई थी।पूजा के बाद सभी लोग घर लौट रहे थे।इसी दौरान गांव के समीप बारिश के कारण नाले और रास्ते पर पानी भरा था।पुलिया के ऊपर भी पानी बह रहा था,जिससे पुलिया दिखाई नहीं दे रही थी।बताया गया कि वंदना और उसका पांच वर्षीय रिश्ते का भाई नैतिक यादव पुत्र रणधीर यादव पीछे-पीछे आ रहे थे।रास्ते का अनुमान लगाकर आगे बढ़ने के दौरान दोनों अचानक पानी में डूबने लगे।परिजनों ने किसी तरह नैतिक को बाहर निकाल लिया,लेकिन वंदना पानी में समा गई।परिजनों ने करीब 25 मिनट तक तलाश के बाद बच्ची को पानी से बाहर निकाला।आनन-फानन उसे बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका के चाचा अखिलेश ने बताया कि तेज बारिश के चलते गांव में चारों तरफ पानी भरा हुआ था।पुलिया पानी में डूबी होने के कारण दिखाई नहीं दे रही थी।इसी वजह से यह हादसा हुआ।वंदना चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी और गांव के विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती थी।उसके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।बेटी की मौत की खबर मिलते ही मां संतोषी यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।परिवार के अन्य सदस्यों का भी दुख से बुरा हाल है।घटना से गांव में मातम पसरा है।
शासन की गाइडलाइन के अनुसार मिलेगी सहायता
सदर तहसीलदार विकास पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शासन की गाइडलाइन के अनुसार पीड़ित परिवार को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।