ग्राम रोजगार सहायक भर्ती में अनियमितता का आरोप, आवेदक ने कलेक्टर से मांगी जांच की जानकारी
टीकमगढ़। ग्राम पंचायत पैतपुरा में ग्राम रोजगार सहायक की भर्ती प्रक्रिया को लेकर आवेदक दीनदयाल सूत्रकार ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर अनियमितता एवं कथित फर्जी नियुक्ति की जांच की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदक का आरोप है कि भर्ती की प्रोविजनल मेरिट सूची में उसे दूसरे स्थान पर कर दिया गया, जबकि वह नियुक्ति के लिए पात्र था। आवेदक के अनुसार वर्ष 2010 में ग्राम रोजगार सहायक पद के लिए ग्राम पैतपुरा से आवेदन किया गया था।
भर्ती प्रक्रिया में अन्य अभ्यर्थियों के साथ उसका नाम भी शामिल था। आरोप है कि अभ्यर्थी अरविन्द कुमार कुशवाहा द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं अनुभव संबंधी दस्तावेजों की जांच में अनियमितता बरती गई और उन्हें मेरिट में प्रथम स्थान दिया गया।
आवेदक का कहना है कि इसके बाद उसके स्थान पर अरविन्द कुमार कुशवाहा को नियुक्ति दे दी गई। आवेदन में बताया गया है कि इस मामले को लेकर आवेदक द्वारा कलेक्टर, जिला पंचायत, संभागीय स्तर के अधिकारियों सहित विभिन्न माध्यमों से कई बार शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए।
जिला पंचायत स्तर पर मामले की जांच के लिए समिति गठित किए जाने का भी उल्लेख आवेदन में किया गया है। आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम रोजगार सहायक भर्ती से संबंधित विज्ञापन, पात्रता, मेरिट सूची, नियुक्ति आदेश, संबंधित अभ्यर्थी के दस्तावेज तथा पूर्व में की गई जांच की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

