
राजा खान रिपोर्टर -देश 24 लाइव न्यूज़ जिला ब्यूरो चीफ बालोद 9174400910
दल्ली राजहरा, डौंडी|शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआंगोंदी में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस का आयोजन विद्यार्थियों द्वारा हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करना था। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में शिक्षकों के द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम सर्वपल्ली राधा कृष्णन जी की छायाचित्र पर मल्यार्पण किया गया। विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक एवं विविधतापूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के लिए कुर्सी दौड़ एवं अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। शिक्षिकाओं में श्रीमती शिल्पी राय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया एवं शिक्षकों में श्री ए पी ठाकुर प्रथम स्थान पर रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों को सुंदर उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के इस स्नेह, सम्मान एवं आत्मीयता से शिक्षकगण भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य के बीच प्रेम, सम्मान और विश्वास के रिश्ते को और अधिक सुदृढ़ किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों की ओर से विद्यार्थियों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया। इस आयोजन ने विद्यालय में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं अपनत्व का वातावरण निर्मित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एम के खरे प्रभारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम निश्चित रूप से सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है।
सम्पूर्ण कार्यक्रम हर्ष, उल्लास एवं आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारीयों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
