
*बालिकाओं की सुरक्षा एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण के लिए राशि जारी*
*टीकमगढ़, 30 अगस्त 2026/* जिले में बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावासों में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा 95.71 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि जिले के पांच बालिका छात्रावासों में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य के लिए जारी की गई है।
जारी प्रशासनिक स्वीकृति के अनुसार जिले के पांच बालिका छात्रावासों में कुल 1,197 मीटर लंबाई की बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा। इनमें कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास कुण्डेश्वर में 250 मीटर, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास भेलसी में 200 मीटर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास अछर में 150 मीटर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास जतारा में 147 मीटर तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास रविदासपुर पटेटा में 450 मीटर बाउंड्रीवाल का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुसार बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा शासन की प्राथमिकता है। बाउंड्रीवाल निर्माण से छात्रावास परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा यहां निवासरत बालिकाओं को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग टीकमगढ़ की देखरेख में निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाएगा।
प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य को स्वीकृत राशि की सीमा में पूर्ण कराने तथा कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
