Site icon desh 24×7

बदौसा के बरकतपुर और काजीपुर में नाले पर पुल नहीं होने से ग्रामीण परेशान, जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर

बांदा से-नरैनी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बदौसा के मजरा बरकतपुर अंश और काजीपुर में नाले पर पुल नहीं होने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी गंभीर रूप ले लेती है। ग्रामीणों के अनुसार यह नाला चित्रकूट के रसिन क्षेत्र से निकलता है और इसमें रसिन बांध की नहर का पानी भी आता है। पानी बढ़ने के बाद दोनों गांवों का संपर्क मार्ग प्रभावित हो जाता है और ग्रामीणों को मजबूरी में जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है।

पिछले करीब एक सप्ताह से आवागमन प्रभावित होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और बुजुर्गों को जरूरी काम से बाहर ले जाने में परेशानी हो रही है। कई बार ग्रामीण साइकिल और अन्य सामान को पानी के बीच से निकालकर नाला पार करते दिखाई देते हैं।

बरकतपुर निवासी सुशील यादव, मो. आवेश खान, वसीम खान, कयामुद्दीन खान, रामेंद्र यादव, साबिर अमीन, मुजाहिद खान, इमरान खान, सलमान खान और हसरत (पप्पू) ने बताया कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति पैदा होती है। नाले में रसिन बांध की नहर का पानी आने से जलस्तर बढ़ जाता है और पुल नहीं होने के कारण बरकतपुर और काजीपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हो जाता है।

सन्तोष कुशवाहा, संयोजक ब्लॉक बनाओ संघर्ष समिति बदौसा, ने कहा कि बरकतपुर और काजीपुर के ग्रामीणों की यह केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। पानी के तेज बहाव के बीच नाला पार करना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नाले का स्थलीय निरीक्षण कराकर स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात में बरकतपुर, काजीपुर सहित आसपास के गांवों का संपर्क सुरक्षित और सुचारु बना रहे।

Exit mobile version