
फारबिसगंज, अररिया।
केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
देशभर में नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को फारबिसगंज के स्टेशन चौक पर नगर कांग्रेस एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी पुलिस द्वारा रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से लाखों मेहनती छात्र-छात्राओं का विश्वास टूट रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, परीक्षा व्यवस्था में सुधार तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
स्टेशन चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में नगर कांग्रेस, प्रखंड कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा उनके साथ खड़ी
रहेगी।
