अनुसंधान
आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपराध विवेचना होगी अधिक प्रभावी और पारदर्शी” — एसपी श्री मनोहर सिंह मंडलोई
डिजिटल पुलिसिंग की ओर एक और कदम, टीकमगढ़ के विवेचकों को मिला तकनीकी संसाधन
पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदत्त 78 अत्याधुनिक टेबलेट आज दिनांक 19 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिले के विवेचना अधिकारियों को वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य अपराध विवेचना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाना है।
टेबलेट वितरण से पूर्व जिले के 78 विवेचकों को सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) एवं टेबलेट संचालन संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीएनएस टीम द्वारा ई-साक्ष्य संकलन, अपराध विवेचना के विभिन्न चरणों में की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही तथा सीसीटीएनएस एवं टेबलेट के माध्यम से डेटा एंट्री एवं ऑनलाइन प्रक्रियाओं का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित होकर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया तथा तकनीकी संसाधनों के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं कार्यकुशलता बढ़ाने संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार आएगा तथा आमजन को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, सीसीटीएनएस प्रभारी श्री सुनील प्रजापति सहित जिले के विवेचक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
