सड़क हादसा: विवाह समारोह में शामिल युवक की दर्दनाक मौत
LAL MOHAMMAD
दल्ली राजहरा से लगे ग्राम कारूटोला मोड़ के आगे मुर्गा बाजार के पास सड़क पर शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में विवाह समारोह में शामिल होने आए एक युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया।
घटना की खबर मिलते ही विवाह समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल निर्मित हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नाम ओम प्रकाश कोमरे उम्र 32 वर्ष काकड़ कसा रहने वाला था। मृतक युवक दूसरे गांव से विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आया था। शुक्रवार रात से चल रहे नाच-गाने एवं विवाह समारोह में वह देर रात तक कार्यक्रम में व्यस्त रहा।
सुबह किसी काम से युवक सड़क की ओर गया था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही विवाह समारोह में शामिल लोगों एवं ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने कारूटोला मोड़ के पास सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। चक्का जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना से विवाह समारोह में शामिल लोगों सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।