मजदुर दिवस विशेष : जिला बालोद के सरपंच की अनूठी पहल:- 5 गरीब मजदूरों को हवाई यात्रा से कराएंगी जगन्नाथ पुरी के दर्शन
LAL MOHAMMAD
मजदूर दिवस पर छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल छू लेने वाली खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत टिकरी की सरपंच ललिता रितेश देवांगन ने मजदूरों के सम्मान में ऐसा कदम उठाया है जिसकी पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है।
1 मई, मजदूर दिवस के मौके पर सरपंच ललिता देवांगन ने गांव के पांच गरीब मजदूर परिवारों को हवाई जहाज से उड़ीसा के जगन्नाथ पुरी धाम की तीर्थ यात्रा पर भेजने का निर्णय लिया है।
सपने से बढ़कर है यह सम्मान
जिन मजदूरों ने कभी हवाई जहाज को केवल आसमान में उड़ते देखा था, उनके लिए यह यात्रा किसी सपने के सच होने जैसी है। चुने गए सभी मजदूर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और जीवन में पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव करेंगे।
अपने मानदेय से उठा रहीं पूरा खर्च
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि यात्रा का पूरा खर्च सरपंच ललिता देवांगन अपने मानदेय से वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा, “गांव के विकास में मजदूरों का सबसे बड़ा योगदान है। उनके चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें सम्मान देना ही सच्ची जनसेवा है।”
मिशन अनमोल मुस्कान” भी बना मिसाल
सरपंच ललिता देवांगन इससे पहले भी अपने “मिशन अनमोल मुस्कान” के लिए जानी जाती हैं। इस मिशन के तहत गांव के बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियां लगातार आयोजित की जाती हैं।
प्रदेश के लिए प्रेरणा
ग्राम टिकरी से शुरू हुई यह पहल सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि संवेदनशील नेतृत्व और सच्ची जनसेवा का उदाहरण है। मजदूरों के प्रति सम्मान का यह तरीका दूसरे जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।
गांव वालों ने बताया कि सरपंच के इस फैसले से पूरे टिकरी में उत्सव जैसा माहौल है। यात्रा पर जाने वाले मजदूर परिवारों ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उन्हें हवाई जहाज से भगवान जगन्नाथ के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा।