जिला रिपोर्टर सुरेश कुमार चौधरी टीकमगढ़ 
एसपी श्री मनोहर सिंह मंडलोई की संवेदनशील सोच का असर:—टीकमगढ़ पुलिस ने दो मासूम बच्चियों को स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के साथ परिजनों से मिलाया
ममता भरा स्पर्श और भरोसे की पहल:—देहात पुलिस की सजगता से 02 नन्हीं बच्चियाँ सकुशल घर पहुँचीं
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आमजन की आपात परिस्थितियों में त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 26 अप्रैल 2026 को थाना देहात क्षेत्र अंतर्गत सूचना प्राप्त हुई कि कलेक्ट्रेट के पास दो नन्हीं बच्चियाँ असहाय अवस्था में खड़ी हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रजीत यादव ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजकर स्थिति की पुष्टि एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहाँ पाया गया कि लगभग 10 वर्ष एवं 8 वर्ष की दो बच्चियाँ घर से बिना बताए किसी बात से नाराज होकर भटकते हुए यहाँ तक आ गई थीं। टीम ने अत्यंत संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ बच्चियों से संवाद स्थापित किया, उन्हें शांत किया और उनका विश्वास जीता।
बच्चियों द्वारा बताए गए अधूरे पते के आधार पर पुलिस टीम ने हार नहीं मानी, बल्कि धैर्य और लगन के साथ आसपास पूछताछ करते हुए उनके घर का पता लगाया। टीम स्वयं बच्चियों को साथ लेकर उनके घर तक पहुँची और परिजनों का पता सुनिश्चित किया।
प्रारंभ में बच्चियाँ घर लौटने के लिए तैयार नहीं थीं, किंतु पुलिस टीम ने उन्हें प्रेमपूर्वक समझाया, उनका मनोबल बढ़ाया तथा बिस्किट और चॉकलेट देकर अपनत्व का भाव व्यक्त किया। इस आत्मीय व्यवहार से बच्चियाँ सहज हुईं और अंततः सुरक्षित रूप से अपने परिजनों के सुपुर्द कर दी गईं।
अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने भावुक होकर पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रजीत यादव, सहायक उपनिरीक्षक गोटी राम, आरक्षक मुकेश, आरक्षक अरबाज तथा महिला आरक्षक शिवानी की महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।
