टीकमगढ़ जिला रिपोर्टर सुरेश कुमार चौधरी 
*SP श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में थाना देहात पुलिस की संवेदनशील पहल — “आसरा अभियान” के तहत असहाय वृद्ध महिला को मिला सुरक्षित सहारा*
*जब कोई नहीं था अपना, तब देहात थाना पुलिस बनी सहारा — पुलिस अधीक्षक की संवेदनशील पहल रंग लाई*
*संवेदनशील पुलिस, सुरक्षित समाज — देहात थाना पुलिस ने निभाई मानवीय जिम्मेदारी*
*पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई* के द्वारा नवाचार अंतर्गत जिला स्तर पर संचालित “*आसरा अभियान*” के अंतर्गत निराश्रित एवं असहाय बुजुर्ग महिलाओं की सुरक्षा, देखभाल एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में दिनांक 13 अप्रैल 2026 को सायंकाल थाना देहात क्षेत्र में एक लगभग 75 वर्षीय वृद्ध महिला असहाय अवस्था में मिलीं। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि उनका कोई सहारा नहीं है तथा उनका एकमात्र देखभाल करने वाला भतीजा वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि वे थाना कुडीला क्षेत्र के अंतर्गत हीरापुर गांव से आई हैं।
महिला की स्थिति को देखते हुए थाना देहात पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई। वृद्ध महिला के सुरक्षित संरक्षण हेतु वृद्धाश्रम से संपर्क स्थापित किया गया। इसके उपरांत महिला आरक्षक शिवानी दांगी, आरक्षक सुनील लोधी, आरक्षक अरविंद निरंजन एवं एफआरवी चालक रईस खान द्वारा वृद्ध महिला को सुरक्षित रूप से वृद्धाश्रम पहुँचाकर सुपुर्द किया गया।
साथ ही, महिला के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके लिए आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था कराई गई तथा भोजन की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
जिला पुलिस का यह प्रयास समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का परिचायक है। “आसरा अभियान” के माध्यम से भविष्य में भी इस प्रकार की सहायता कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
