Site icon desh 24×7

फागुनदाह में रहस्यमयी मौतः सुबह घर से निकले हीरालाल का शाम को नहर पार खेत में मिला शव, बिजली गिरने की आशंका

गुरुर ब्लॉक के ग्राम फागुनदाह में रविवार को एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। गांव के निवासी हीरालाल साहू (लगभग 42 वर्ष) का शव नहर पार खेत के पास मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

> सुबह घर से निकले, दोपहर बाद मिला शव

परिजनों के अनुसार, हीरालाल साहू रविवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। दोपहर करीब 3:30 बजे ग्रामीणों ने फागुनदाह से अकलवारा की ओर छोटे नहर पार खेत के पास उनका शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई।

नहर पार खेत में मिला शव, मौके पर जुटी भीड़

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में अचानक इस तरह शव मिलने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

▲ नहीं मिले चोट के निशान, बढ़ा रहस्य !

प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट या गला दबाने के निशान नहीं पाए गए हैं। वहीं घटनास्थल पर कोई जहरीला पदार्थ या संदिग्ध सामग्री भी नहीं मिली है।

आकाशीय बिजली गिरने की आशंका

बताया जा रहा है कि रविवार को इलाके में तेज चमक और बारिश भी हुई थी। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं बिजली गिरने से ही हीरालाल की मौत तो नहीं हुई। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

? हत्या, हादसा या प्राकृतिक कारण? जांच जारी

मामला पूरी तरह से संदिग्ध बना हुआ है। गुरुर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

→ फिलहाल गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

Exit mobile version