*भानुप्रतापपुर: फोम मशीन ठगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा*
राजा खान रिपोर्टर देश 24 लाइव न्यूज़ जिला ब्यूरो चीफ बालोद
भानुप्रतापपुर। धोखाधड़ी कर फोम मशीन ठगी करने वाले दो आरोपियों को भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र श्रीवास (18 वर्ष) और ताराचंद देश लहरे (20 वर्ष), दोनों निवासी शिकारीपारा, दल्लीराजहरा जिला बालोद शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पूनम बघेल (29 वर्ष), निवासी कनापोड़ लखनपुरी थाना चारामा, फोम मशीन का व्यवसाय संचालित करता है। 26 फरवरी 2026 को उसे मोबाइल के माध्यम से फोम मशीन का ऑर्डर मिला। व्यस्तता के चलते प्रार्थी ने अपने कर्मचारियों के जरिए बोलेरो वाहन से मशीन भानुप्रतापपुर भेजी।
दोपहर करीब 1:30 बजे पोस्ट ऑफिस के सामने दो युवक छोटा हाथी वाहन लेकर पहुंचे और मशीन को अपने वाहन में लोड कर लिया। आरोपियों ने एडवांस राशि देने की बात कहकर कर्मचारियों को रेस्ट हाउस के पास रुकने को कहा, लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी वे वापस नहीं आए और फरार हो गए। इस पर प्रार्थी ने 12 मार्च 2026 को थाना भानुप्रतापपुर में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से फोम मशीन भी बरामद कर ली गई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील:
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है, जहां दी गई सूचना और सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
