*संविदा कर्मियों की निरंतर छंटनी के विरोध में करेंगे सत्याग्रह*
लखनऊ उत्तरप्रदेश से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट
*लखनऊ।* विद्युत संविदा मजदूर संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा श्रम कानूनों एवं वर्ष 2017 के निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर की जा रही संविदा कर्मचारियों की निरंतर छंटनी के विरोध में 6 जनवरी 2026 (मंगलवार) को प्रदेश के सभी जनपदों में एकदिवसीय सत्याग्रह आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में संगठन की ओर से अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड को विधिवत आंदोलन की नोटिस सौंप दी गई है। संगठन का कहना है कि बीते दो वर्षों में लगभग 25 हजार संविदा कर्मचारियों की छंटनी की जा चुकी है, जबकि कार्य का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। नई निविदाओं में कर्मचारियों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत तक घटाए जाने से हजारों परिवार आजीविका संकट से जूझ रहे हैं।
संगठन के प्रभारी पुनीत राय ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 के आंदोलन के बाद माननीय ऊर्जा मंत्री एवं प्रबंधन द्वारा बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद न तो निकाले गए संविदा कर्मचारियों को वापस लिया गया और न ही उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
वहीं संगठन के मीडिया प्रभारी विमल चंद्र पांडे ने कहा कि लक्ष्य से अधिक कार्य करने वाले संविदा कर्मचारियों को आज तक प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
