Site icon desh 24×7

CG : सुरक्षा पर उठे सवाल ? चलती ट्रेन पर हमला, यात्री लहूलुहान!सिकोसा के पास ट्रेन पर पत्थरबाजी

चलती ट्रेन पर हमला… बालोद के सिकोसा स्टेशन के पास देर शाम हुआ पत्थरबाजी का ये मामला रेलवे सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया। ट्रेन में बैठे यूपी के एक यात्री पर अचानक पत्थर आकर लगा और वह लहूलुहान हालत में नीचे बैठ गया। स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मंगलवार देर शाम यह घटना तब हुई जब एक अज्ञात समूह ने सिकोसा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन पर पत्थर बरसाए। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी यात्री का सिर फट गया। घायल को तुरंत बालोद स्टेशन पर उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय यात्री रमन ने बताया कि रायपुर-अंतागढ़ रेल लाइन अब पत्थरबाजों के निशाने पर है। उन्होंने कहा कि आए दिन रात में सफर करते समय डर बना रहता है।
“कल की घटना में मैं भी बाल-बाल बचा। खिड़की पर जाली होते हुए भी चढ़ने-उतरने वाली जगह पर खड़े यात्रियों को निशाना बनाया जा रहा है,” रमन ने चिंता जताई।

इधर, GRP बालोद चौकी प्रभारी चैन सिंह नेताम ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घायल यात्री को शिकायत लिखने के लिए कहा गया, लेकिन उसने मना कर दिया। सुरक्षा पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने स्टाफ की भारी कमी को वजह बताया।
“पहले 12 स्टाफ पेट्रोलिंग पर रहते थे, अब सिर्फ 3 ही हैं। इतने कम स्टाफ में संवेदनशील जगहों पर गश्त कर पाना मुश्किल है,” प्रभारी नेताम ने साफ कहा।

बालोद-रायपुर रेल मार्ग इन दिनों सबसे व्यस्त रूट में शामिल है। सिकोसा और लाटाबोड़ जैसे इलाकों में गश्त कमजोर होने से पत्थरबाज मौके का फायदा उठा रहे हैं। यह मार्ग सीधे बस्तर को राजधानी से जोड़ता है, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाना रेलवे प्रशासन के लिए जरूरी हो गया है।

Exit mobile version