Site icon desh 24×7

जन-आंदोलन: एससी/एसटी परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय से जोड़ने का संकल्प: डीडीसी

जन-आंदोलन: एससी/एसटी परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय से जोड़ने का संकल्प: डीडीसी

अनुसूचित जाति/जनजाति बाहुल्य टोलों में विशेष जन जागरुकता के लिए टोले में किया जाएगा निगरानी समिति का गठन

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। विश्व शौचालय दिवस पर उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान ने विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर स्वच्छता को जन-भागीदारी से जोड़ने और स्थायी व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हमारा शौचालय, हमारा सम्मान’ नामक विशेष बीसीसी अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 19 नवंबर से 31 दिसंबर तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। बैठक में अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया गयाई।उप विकास आयुक्त ने जिन-जिन परिवारों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, विशेष रूप से अनुसूचित जाति/जनजाति बाहुल्य टोलों में विशेष जन जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही अभियान के तहत व्यक्तिगत शौचालय, सामुदायिक शौचालय का निर्माण, मरम्मती, सतत उपयोग और खुले में शौच की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने पर भी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान गांव, वार्ड और टोला स्तर पर साप्ताहिक गतिविधि कैलेंडर के अनुसार सुबह-शाम निगरानी, घर-घर संपर्क, सामूहिक संवाद, ‘गड्ढा खोदो अभियान’, संध्या चौपाल, विद्यालयों में विशेष स्वच्छता कक्षाएं, आंगनबाड़ी एवं जीविका एसएचजी समूहों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। गुरुवार और शनिवार को अनुसूचित जाति/जनजाति बहुल क्षेत्रों में गहन सामुदायिक उत्प्रेरण का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘खुले में शौच’ वाले स्थानों को चिह्नित कर ‘रोको-टोको अभियान’ चलाया जाएगा और प्रत्येक अनुसूचित जाति/जनजाति टोले में निगरानी समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय युवा और सामुदायिक नेता शामिल होंगे। जीविका से जुड़े शौचालय विहीन परिवारों को वित्तीय सहायता योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष बल दिया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया है कि प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर अभियान की नियमित समीक्षा की जाए तथा साप्ताहिक प्रतिवेदन राज्य कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने प्रखंड में बीपीआईयू की बैठक आयोजित कर सभी सबंधित विभाग के साथ साप्ताहिक समीक्षा कर अभियान को सफल करेंगे। बैठक में सिविल सर्जन, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूजा प्रियतम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण विवेक कुमार, जिला समन्वयक विश्वजीत कुमार सिंह, शशिकांत सिंह, मो. आफताब आलम, बिट्टू कुमार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, मनरेगा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने और हर परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय से जोड़ने का संकल्प लिया।

Exit mobile version