राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनी महिलाओं की समस्याएँ, 9 प्रकरणों का हुआ त्वरित निस्तारण
देवरिया उत्तर प्रदेश से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट
देवरिया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ऋतू शाही ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित निरीक्षण भवन के मीटिंग हॉल में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 18 पीड़ित महिलाओं के प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद, धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न तथा मारपीट से जुड़े मामले शामिल थे। इनमें से 9 प्रकरणों का त्वरित निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित थाना क्षेत्रों के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों और सहायता तंत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर श्रीमती ऋतू शाही ने कहा कि “किसी भी प्रकार की हिंसा या अन्याय की स्थिति में महिलाएँ तत्काल राज्य महिला आयोग से संपर्क करें, आयोग सदैव उनके साथ खड़ा है।”
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, दिव्यांगजन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी (शहर), श्रम अधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी, थानाध्यक्ष महिला थाना, समाज कल्याण अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी देवरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
साथ ही वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक श्रीमती नीतू भारती, मनोवैज्ञानिक श्रीमती मीनू जायसवाल एवं हब फॉर एम्पावरमेंट के कार्मिक भी मौजूद थे।
जनसुनवाई के उपरांत श्रीमती ऋतू शाही ने डुमरी रामपुर कारखाना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
