
अलीगढ़, संवाददाता। शहर में पशु-क्रूरता का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने निर्दयता की सारी हदें पार करते हुए कुत्ते को रस्सी से बांधकर मोटरसाइकिल से सड़क पर घसीटा। यह वीभत्स दृश्य आसपास मौजूद लोगों ने देखा और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल टीम से सचिन व उनके साथी तथा जीव दया फाउंडेशन से गीता मित्तल, अभिषेक, रोहन आदि मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ आवाज़ उठाई। इसके बाद सभी ने मिलकर थाना सासनीगेट में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी ने न केवल निर्दोष जानवर पर अत्याचार किया बल्कि इसे हास्य सामग्री की तरह प्रसारित करने का भी प्रयास किया। इस घटना को पशु-क्रूरता अधिनियम, 1960 का स्पष्ट उल्लंघन बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
