
सावन मास के पहले सोमवार 14 जुलाई को छपारा से एक विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 9 बजे नगर के बैनगंगा नदी स्थित सिद्ध बाबा घाट से शुरू होकर छपारा बैनगंगा महाआरती समिति द्वारा गुरु रत्नेश्वर धाम मंदिर, बंडोल क्षेत्र ग्राम दिघोरी तक जाएगी, जिसकी दूरी लगभग 27 किलोमीटर है। इस यात्रा में नर्मदा संत सिद्ध महायोगी दादा गुरु भी अपनी उपस्थिति और सानिध्य प्रदान करेंगे।
बैनगंगा महाआरती समिति द्वारा आयोजित इस कांवड़ यात्रा को लेकर नगरवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। जानकारी के अनुसार, दादा गुरु विगत 1700 दिनों से निराहार व्रत पर हैं और वे केवल नर्मदा नदी के पवित्र जल पर रहकर निरंतर नदियों के संरक्षण एवं प्रकृति से आमजनों को जोड़ने के लिए एक सेतु की तरह प्रयासरत हैं। इस प्रेरणादायक पहल में दादा गुरु का छपारा नगर में कांवड़ यात्रा में शामिल होना, नगरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए उनके दर्शन करने का एक विशेष अवसर होगा।
