Site icon desh 24×7

अम्बेडकरनगर: 28 लाख नागरिकों की बनेगी आभा आईडी

अंबेडकरनगर
जब आप अस्पताल जाते हैं, तो डॉक्टर मरीज के मेडिकल इतिहास के बारे में पूछते हैं। कुछ विवरण याद रखना आसान होता है, जबकि कुछ विवरण नहीं याद रह जाता। लेकिन आजकल, सब कुछ डिजिटल है।
इसमें आपका मेडिकल इतिहास भी शामिल है। इसके लिए अब सरकार ने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) नाम से एक प्लेटफॉर्म की शुरूआत की है, जो हर पंजीकृत भारतीय नागरिक का मेडिकल इतिहास रखेगा। इसको बनाने की जिम्मेदारी एएनएम, आशा बहू के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को सौंपी गई है। जनपद के 28 लाख नागरिकों की आभा आईडी बनाई जानी है। अब तक 16 लाख लोगोंं का हेल्थ अकाउंट बनाया जा चुका है।

खुद बनवा सकते हैं कार्ड :
आभा कार्ड खुद से भी ऑनलाइन बनवाया जा सकता है। इसके लिए एबीडीएम डाॅट जीओवी डॉट इन पर जाकर अपनी पूरी जानकारी देने के बाद निबंधन करवा सकते हैं। इसके बाद 14 अंक का नंबर जारी होगा, जिसके माध्यम से कहीं भी अपनी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

हर आयु वर्ग की बनेगी आईडी : आभा कार्ड सभी वर्ग के लोगों का बनाया जा रहा है। जिसमें लोगों का पूरा हेल्थ रिकाॅर्ड होगा। इससे वे कहीं भी इलाज करवा सकेंगे और उनके इलाज की पूरी जानकारी इलाज करने वाले डाॅक्टर को एक क्लिक में उपलब्ध हो सकेगी।
———————————
कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
आभा कार्ड बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को विधिवत प्रशिक्षण दिया गया है। नागरिक खुद भी अपना हेल्थ कार्ड बना सकते हैं। इस कार्ड के जरिए लोगों को अपने स्वास्थ्य की संपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। – डॉ. राजकुमार, सीएमओ

Exit mobile version