Site icon desh 24×7

अम्बेडकरनगर: महिला आयोग तक पहुंचा आधी रात ताला तोड़ने का मामला

अंबेडकरनगर
मतदान से ठीक पहले आधी रात कटका पुलिस द्वारा पूर्व प्रधान के घर पहुंचकर ताला तोड़ने की कोशिश और महिलाओं से अभद्रता करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व प्रधान की पत्नी व पूर्व जिपं सदस्य निर्मला यादव ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
आयोग को पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी भेजा गया है।
कटका निवासी पूर्व प्रधान राधेश्याम यादव के घर पुलिस मतदान से पहले की आधी रात पहुंची थी। उससे दो दिन पहले राधेश्याम ने चुनाव आयोग को ई-मेल कर शिकायत की थी कि थाना पुलिस द्वारा सत्तारूढ़ दल के दबाव में उन्हें मतदान करने से रोका जा रहा है। इस पर कोई एक्शन हालांकि नहीं हो सका था। इसी बीच आधी रात पहुंची पुलिस ने वहां महिलाओं से जमकर अभद्रता की थी।
अब रविवार को पूर्व प्रधान की पत्नी पूर्व जिपं सदस्य निर्मला यादव ने राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायत भेजकर कहा है कि कटका थाना प्रभारी 24 मई की आधी रात बिना महिला सिपाहियों के उनके घर पहुंचे। घर में सिर्फ महिलाएं होने की जानकारी दी गई तो भी बगैर महिला सिपाही के दरवाजे का ताला तोड़ने की कोशिश हुई। निर्मला ने कहा कि उन्हें व उनकी बेटियों को गालियां दी गईं और अपमानित किया गया। साथ ही पति का एनकाउंटर कर देने की धमकी भी दी गई।
महिला आयोग से मामले की जांच कराने की मांग निर्मला ने की है। इस बीच पूर्व मंत्री व सपा के लोकसभा प्रत्याशी लालजी वर्मा ने कहा है कि यह उत्पीड़नात्मक कार्रवाई अक्षम्य है। महिलाएं जागरूक थीं इसलिए वीडियो बन गया। ऐसी तमाम घटनाएं पुलिस ने पूरे जिले में की हैं। इन सब मामलों को ऊपर तक ले जाया जाएगा।
उधर एसपी डॉ कौस्तुभ ने कहा कि जांच लगा दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद इस पर निर्णय होगा।

Exit mobile version