Site icon desh 24×7

अम्बेडकरनगर में सड़क हादसे में दो जायरीन की मौत: 6 घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, टेम्पो और पिकअप की टक्कर से हुआ हादसा

अम्बेडकरनगर के सम्मनपुर थाना इलाके के पलई रामनगर के पास टेम्पो और पिकअप की टक्कर हो गई। जिसमें टेम्पो पर सवार भाई और बहन की मौत हो गई। जबकि 6 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि ये लोग जायरीन थे, जो किछौछा से दर्शन कर अकबरपुर रेलवे स्टेशन आ रहे थे। सभी लोग झारखंड के बताये जा रहे हैं।

शनिवार देर रात बसखारी थाना इलाके के किछौछा दरगाह से करीब एक दर्जन जायरीन दर्शन कर वापस अपने घर जाने के लिए टेम्पो बुक कराकर अकबरपुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। वह सम्मनपुर थाना इलाके के पलई रामनगर के पास पहुंचे थे कि तभी तेज रफ्तार पिकप ने टेम्पो को टक्कर मार दिया। जिससे टेम्पो पलट गया और उसमें बैठे दो लोग मोहम्मद दानिश और उसकी बहन रोजी निवासी ग्राम सिरका थाना रामगढ़ झारखंड की मौत हो गई। जबकि 6 लोग घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया

एक्सीडेंट की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई और लोगों ने सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक सम्मनपुर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Exit mobile version