Site icon desh 24×7

मकान में मिला वृद्धा का शव, बेटी बोली- भाई ने कर दी जहर देकर हत्या

पीलीभीत। बीसलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक वृद्धा की मौत हो गई।उसका शव अपने ही मकान में पड़ा मिला। मृतका की विवाहिता बेटी ने मौके पर पहुंचकर सगे बेटे पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

 

घटना शनिवार शाम की है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बख्तावरलाल की रहने वाली 55 वर्षीय बिंदु पत्नी रघुवीर सरन मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती थीं। उनके पति की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। तीन बेटियां रचना, नीतू और शीतल की शादी हो चुकी है। वह अपने 24 वर्षीय पुत्र बृजेश उर्फ सागर के साथ रहती थी। उनकी विवाहित पुत्री शीतल नगर में ही मोहल्ला दुबे में रहती है।

शनिवार शाम को वह मां की खैर खबर लेने के लिए मकान पर पहुंची। उनका कहना है कि मकान बंद था। जब वह मकान के भीतर गई तो मां बिंदु मृत हालत में मिली। अपने सगे भाई और मृतका के बेटे बृजेश पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। वृद्धा की हत्या का शोर मचते ही आसपास के काफी लोग जमा हो गए।

इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताते हैं कि उस वक्त बेटा घर पर नहीं था। पुलिस ने आसपास के लोगों से संपर्क कर जानकारी जुटाई। घटना के चलते हड़कंप मचा रहा।

Exit mobile version